यूपी (प्रयागराज)। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद टॉपरों की सूची सामने आयी है जिसमे एक एक छात्र ऐसा है जिसने 150 में से 142 नंबर पाए है , पर उसको अपने देश के राष्ट्रपति का नाम तक पता नहीं. यह हैरान करने वाली बात है, लेकिन यही सच है। नाम: धर्मेंद्र कुमार पटेल। पता: सरायममरेज, प्रयागराज। इस संदर्भ में एएसपी अशोक वेंकटेश ने बताया कि 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में फर्जीवाड़ा कर पास हुए धर्मेंद्र, विनोद समेत तीन अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि धर्मेंद्र को शिक्षक भर्ती परीक्षा में 150 में से 142 नंबर मिले थे। एएसपी ने धर्मेंद्र से जब पूछा कि देश का राष्ट्रपति कौन है? तो वह इसका जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे गए लेकिन वह जवाब नहीं दे पाया। एएसपी का कहना है कि उसकी खामोशी बता रही थी कि वह सहायक शिक्षक भर्ती में कैसे टॉपरों की सूची में शामिल हो गया। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से मिली डायरी में 20 अभ्यर्थियों के नाम सामने आए। इनमें 18 का चयन होने का पता चला है। अभी सिर्फ तीन पकड़े गए हैं। अन्य 17 की तलाश की जा रही है। उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के बाद बाकी चीजें सामने आ सकेंगी। 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने परिणाम आने के बाद से ही धांधली का आरोप लगाया था।